जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा और साफ-सुथरा वातावरण देने के उद्देश्य से एक नई व्यवस्था लागू की जा रही है. अब अस्पताल में सात अलग-अलग रंगों वाले बेडशीट का उपयोग किया जाएगा. हर दिन मरीजों को नए रंग का बेडशीट मिलेगा. यह व्यवस्था सोमवार से शुरू होने की संभावना है. अस्पताल प्रबंधन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है और सभी सात रंगों के बेडशीट रांची स्वास्थ्य विभाग से एमजीएम अस्पताल पहुंच चुके हैं. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य साफ-सफाई में पारदर्शिता और नियमित बदलाव सुनिश्चित करना है. सात रंगों में सफेद, नीला, हरा, गुलाबी, पीला, आसमानी और लैवेंडर शामिल हैं. प्रत्येक दिन किस वार्ड में कौन-सा रंग उपयोग किया जाएगा, इसकी सूची तैयार की जा रही है. इससे न केवल बेडशीट की पहचान आसान होगी, बल्कि विभागवार मॉनिटरिंग भी सरल हो जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
एमजीएम अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण को लेकर सबसे बड़ी चुनौती बेडशीट की नियमित सफाई और बदलाव को लेकर रही है. कई बार मरीजों ने समय पर बेडशीट न बदलने की शिकायतें की थीं. अस्पताल प्रशासन का मानना है कि सात रंगों वाली यह व्यवस्था संक्रमण नियंत्रण (इंफेक्शन कंट्रोल) प्रोटोकॉल को मजबूत करने में सहायक होगी. अब नर्सिंग स्टाफ और सफाई कर्मियों को रोजाना बेडशीट बदलने में आसानी होगी और किसी भी तरह की लापरवाही तुरंत पकड़ी जा सकेगी. डॉक्टरों का कहना है कि मरीजों के लगातार संपर्क में आने वाली वस्तुएं यदि प्रतिदिन बदली जाएं, तो संक्रमण के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है. इस कदम से अस्पताल में स्वच्छता का मानक और भी ऊंचा होगा. (नीचे भी पढ़ें)
मरीजों को मिलेगा भरोसा, बढ़ेगा अस्पताल का मान
एमजीएम अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज और जांच के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सुथरा माहौल और हाईजीनिक व्यवस्था अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता है। सात रंगों की बेडशीट व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों में यह भरोसा बढ़ेगा कि अस्पताल प्रबंधन साफ-सफाई को लेकर गंभीर और सक्रिय है. इससे मरीजों को मानसिक सुकून मिलेगा और अस्पताल की छवि भी निखरेगी. (नीचे भी पढ़ें)
अधीक्षक का बयान : एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.के. मंधान ने बताया किसभी सात रंगों के बेडशीट अस्पताल में पहुंच चुके हैं. नर्स इंचार्जों को इस व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है. मरीजों को साफ-सुथरे और हाईजीनिक माहौल में इलाज उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है. नई व्यवस्था से मरीजों का भरोसा बढ़ेगा और अस्पताल की छवि में भी सुधार होगा. अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि इस नई रंगीन पहल से स्वच्छता व्यवस्था पर निगरानी आसान होगी और संक्रमण के मामले कम होंगे. इसके साथ ही मरीजों को महसूस होगा कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए अस्पताल लगातार नयी पहल कर रहा है.




