जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने सोनारी थानांतर्गत टिल्लू भट्ठा क्षेत्र में छापामारी कर आग्नेयास्त्र, आग्नेयास्त्र बनाने के उपकरण, जिंदा कारतूस एवं करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर गहन जांच आरंभ कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि शनिवार को सोनारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनारी के टिल्लू भट्ठा में समीर सरदार, लखींद्र सरदार अपने सहयोगियों के साथ मिल कर आग्नेयास्त्र बनानेवाले उपकरण एवं मादक पदार्थ (गांजा) की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. इसके पश्चात वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामार दल ने टिल्लू भट्ठा स्थित समीर सरदार, लखींद्र सरदार के घर पर छापा मारा. पुलिस को पहुंचा देख घर के सारे सदस्य घर से भाग गये. (नीचे भी पढ़ें)

घर में किसी के नहीं होने के कारण पुलिस ने ग्रामीणों की उपस्थिति में घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर के अंदर कमरे में रखे अलमारी एवं ड्रेसिंग शीशा से करीब 1400 ग्राम गांजा के साथ ही आग्नेयास्त्र एवं आग्नेयास्त्र बनाने के उपकरण एवं नगद रुपये भी बरामद किये गए. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा मरीन ड्राइव के बगल में स्थित समीर सरदार के गोदाम में हुई छापामारी में आग्नेयास्त्र बनाने के काम आनेवाले उपकरण बरामद किये गये. इस संबंध में सोनारी पुलिस द्वारा दर्ज किये गये मामले के अनुसार दोनों स्थानों से बरामद सामानों में चालू हालत में एक लेथ मशीन, एक मीलिंग मशीन, एक ड्रिलिंग मशीन, एक ग्राइंडर मशीन, करीब 1400 ग्राम गांजा, 7.65 बोर की एक देसी पिस्टल, पिस्टल की 11 जिंदा गोलियां, 2,41,600 रुपये नगद, एक सोने की चेन, पिस्टल बनाने के विभिन्न औजार, पिस्टल के अर्धनिर्मित पुर्जे, इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, 1530 ग्राम पोली पाउच, तीन स्मार्ट फोन सहित अन्य सामान शामिल हैं. सोनारी पुलिस ने दर्ज मामले की गहन जांच आरंभ कर दी है.



