जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध रूप से खनिज के उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार की देर रात घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया. रात्रि 1 बजे से सुबह 7 बजे तक चले इस अभियान के दौरान धालभूमगढ़ क्षेत्र में अवैध बालू लदे 7 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया. जांच के क्रम में सभी 7 वाहनों के चालक बालू खनिज के परिवहन से संबंधित वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सके. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद सभी वाहनों को जब्त करते हुए धालभूमगढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया गया है. मामले में नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जब्त वाहनों में जेएच 05डीपी 5145, जेएच 05डीआर 3886, जेएच 05 3034, जेएच 09एटी 6401, जेएच 05सीडब्ल्यू 5059, जेएच 05डीबी 8588 और जेएच 01डीवाई 7953 शामिल है. जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया जाता है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा. खनिज संपदा के अवैध दोहन में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.




