जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरण महतो के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में शनिवार को सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारी एवं इसकी सफलता सुनिश्चित करने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सांसद विद्युत महतो ने की. इस दौरान खेल महोत्सव को जन-जन तक पहुंचाने एवं अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. बैठक में तय किया गया कि जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र का कोई भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी या टीम इस आयोजन से वंचित न रहे. खेल महोत्सव में प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. आयोजन के सफल क्रियान्वयन को लेकर जमशेदपुर महानगर में संजीव कुमार को संयोजक तथा नागेंद्र पांडेय व पप्पू सिंह को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है. वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले में दिनेश साव को संयोजक और सत्या तिवारी व सत्यनारायण पुष्टि को सह-संयोजक बनाया गया है.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर सांसद विद्युत बरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने, साथ ही खेलो इंडिया के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिताएं पंचायत स्तर से शुरू होकर मंडल, विधानसभा और लोकसभा स्तर तक होंगी. उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में स्थानीय खेलों के साथ-साथ फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, मुक्केबाजी, योगासन समेत कुल 8 खेल शामिल किए गए हैं. सांसद ने कहा कि यह सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय पटल पर ले जाने का सुनहरा अवसर है. सांसद विद्युत महतो ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की है. इसके लिए इक्षुक प्रतिभागी एवं टीम www.sansadkhelmahotsav.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही आयोजन का पूरा कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिसमें तिथिवार खेलों की जानकारी दी जाएगी. इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बरकुंवर गागराई, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री राजीव कुमार, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, आनंद सिंह, सोमनाथ बनर्जी, महावीर मेहता, वीर सिंह, प्रभाकर प्रसाद, मंजीत सिंह, सपन कुमार साव, रामप्रवेश यादव, सतनाम सिंह, गुरनाम सिंह, सुभाष कुमार, सोनाराम हांसदा, दुर्गा गिरी, चंद्रशेखर, सुखदेव सिंह, जगदीश कुमार, पार्थो महतो, गौतम महतो, सुमित कुमार, रोहित कुमार, आर्यन कुमार समेत अन्य मौजूद रहे.



