जमशेदपुर : पहलगाम में हुए आतंकी हमला को लेकर देश में गुस्सा है. वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी गुस्से का इजहार किया है. विधायकों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

जमशेदपुर के सांसद ने कहा यह कायराना हरकत पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा हमला कर निर्दोष पर्यटकों की हत्या करने पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत करण महतो ने कहा कि इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. सांसद श्री महतो ने कहा कि आतंकवाद एक जहरीला नाग है और जब तक इसके फन को पूरी तरह से कुचला नहीं जाएगा तब तक भारत चैन से नहीं बैठेगा. निर्दोष भारतीयों के हत्या का हिसाब इन आतंकवादियों को चुकाना पड़ेगा. जिस तरह पुलवामा के बाद सर्जिकल स्ट्राइक किया गया था. उसी अंदाज में इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारत प्रतिबद्ध है. आतंकवादी हमला भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता पर किया गया हमला है. सांसद श्री महतो ने आतंकी हमले में मारे गए लोगों को अपने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश आज उनका ऋणी है. उनकी शहादत बेकार नहीं जाएगी.

पहलगाम आतंकी हमला अत्यंत दु:खद और घोर निंदनीय : मंगल कालिंदी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा की पर्यटकों पर आतंकी हमला अत्यंत दु:खद ,कायरतापूर्ण और घोर निंदनीय है. पूरा देश इस दुख की घड़ी में एकजुट है और आतंकवाद के विरुद्ध हमारी एकता ही सबसे बड़ी ताक़त है. परमात्मा दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें. हमले में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.

पहलगाम आतंकी हमला कायरता की चरम सीमा, देश एकजुट होकर देगा जवाब : संजीव सरदार पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश की एकता और शांति पर हमला बताया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस नृशंस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. विधायक श्री सरदार ने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की अखंडता को कमजोर करने का विफल प्रयास हैं. पूरा देश एकजुट है, और ऐसे वक्त में हम सभी को एकता का परिचय देना चाहिए. उन्होंने केंद्र सरकार से दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि देशवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है. केंद्र सरकार को चाहिए कि आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करे ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. संजीव सरदार ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों को उनकी बहादुरी के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि देश को अपनी सुरक्षाबलों पर गर्व है. उन्होंने कहा कि इस समय राजनीतिक मतभेद भुलाकर हम सभी को एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना होगा. भारत कभी झुका नहीं है और न कभी झुकेगा. आतंक के खिलाफ हमारी लड़ाई निर्णायक होगी.














