
जमशेदपुर : अपनी रिश्ते में लगने वाली सास की हत्या और पत्नी समेत अपने रिश्ते में साला लगने वाले को गोली मारने वाला सस्पेंड पुलिस सब इंस्पेक्टर मनोज गुप्ता को गुरुवार को जमशेदपुर कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट में पेशी के दौरान मनोज गुप्ता का बेटा मोहित और छोटी बेटी प्रिया भी पहुंची. इन लोगों ने करीब एक घंटे तक कोर्ट में ही अपने पिता के साथ समय बिताया और फिर निकल गये. बताया जाता है कि इन लोगों ने कोर्ट के ही एक कमरे के भीतर मुलाकात की, आपस में बात की, खूब रोये और बच्चों ने पिताजी को इस हालात के लिए दोषी ठहराया, लेकिन बयान दबाव में देने की बात कहकर चले गये. इस बीच मनोज गुप्ता ने एक पत्र घाघीडीह जेल से जमशेदपुर के एसएसपी अनूप बिरखरे को लिखा है. इस पत्र में मनोज गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने सरेंडर करने के बाद पूछताछ के दौरान ही सोनारी थाना प्रभारी को कहा था कि उसकी पत्नी पूनम गुप्ता का साथी चंदन श्रीवास्तव ने उस पर गोली चलायी थी, जिसके बचाव में उसने गोली चलायी, लेकिन थाना प्रभारी ने उसके आवेदन को एफआइआर के तौर पर दर्ज भी नहीं किया और न ही चंदन श्रीवास्तव से कोई पूछताछ ही की. ऐसे में चंदन श्रीवास्तव के खिलाफ एफआइआर दायर किया जाना चाहिए. मनोज गुप्ता ने अपने अधिवक्ता गौरव पाठक के माध्यम से यह पत्र भेजवाया है, जिसकी कॉपी कोर्ट को भी समर्पित की है.



