
जमशेदपुर : साकची गोलचक्कर के पास मंगलवार को जेएनएसी द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान काशीडीह टीओपी के हवालदार के विरोध के कारण बाधित हुआ। जेएनएसी की टीम मंगलवार शाम साकची गोलचक्कर के पास अतिक्रमण हटा रही थी, वहां से गुजर रहे हवालदार राजेन्द्र सिंह ने अतिक्रमण हटाने के दौरान ठेला पलटने का विरोध किया। इसे लेकर वहां काफी देर तक बहस होती रही। मामला बढ़ने पर जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी कृष्णा कुमार वहां पहुंचे और हवालदार को कारवाई में हस्तक्षेप न करने को कहा। इस पर काफी देर तक हवालदार और विशेष पदाधिकारी के बीच बहस होती रही। इस दौरान वहां काफी संख्या में दुकानदार और आस पास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। हवालदार राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने होमगार्ड के जवान को ठेला पलटते देखा जिसका विरोध किया था।







