जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के नए उपायुक्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने मंगलवार को जिले के 25वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया. समाहरणालय में आयोजित एक सादे समारोह में निवर्तमान उपायुक्त अनन्य मित्तल ने पदभार सौंपा. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए, एसडीएम धालभूम, एडीसी व अन्य वरीय पदाधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी इससे पूर्व गुमला के उपायुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं. उन्होंने जिले के समग्र विकास, जनहित में सुशासन, तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. (नीचे भी पढ़े)

मौके पर निवर्तमान उपायुक्त अनन्य मित्तल ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा नव नियुक्त उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिला विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा. लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन के शांतिपूर्ण समापन में जिला के नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि, सभी पदाधिकारी व कर्मी के सहयोग की सराहना की.(नीचे भी पढ़े)

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पूर्वी सिंहभूम जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए गौरव की बात है. मैं जनसुनवाई को प्राथमिकता दूंगा और यह सुनिश्चित करूंगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. सभी वर्गों के साथ मिलकर विकास को गति दी जाएगी. नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जिला के विकास कार्यों को नई दिशा और गति दी जाएगी.














