
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने गुरुवार को जमशेदपुर से होकर गुजरने वाले एनएच-33 पर पारडीह से बालीगुमा तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से पुनः मुलाकात की. उल्लेखनीय है कि विगत दिनों श्री गडकरी ने एक बैठक इसी निमित्त आहूत किया था. बैठक में सांसद श्री महतो ने कहा कि सघन यातायात के मद्देनजर जमशेदपुर शहरी क्षेत्र अन्तर्गत एनएच33, पीकेजी-4 का किलोमीटर 243 से किलोमीटर 248.50 तक (पारडीह काली मंदिर से बालीगुमा तक) एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है. उसी के अनुरूप एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें यह वर्णित है कि एनएच 33 के जमशेदपुर की समस्याओं का समाधान करने के लिए 243 किलोमीटर से 248.50 तक पथांश को डिस्कोप करते हुए उसके स्थान पर एलिवेटेड कॉरिडोर का सैद्धांतिक अनुमोदन करके विस्तृत परियोजना रिपोर्ट डीपीआर बनवाने हेतु निविदा आमंत्रित की जा चुकी है. सांसद श्री महतो ने श्री गडकरी से कहा कि यह कार्य जनहित में यथाशीघ्र प्रारंभ किया जाना चाहिए. इस पर श्री गडकरी ने वहां पर उपस्थित एनएचएआई के पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया कि जमशेदपुर सहित रांची, पुणे एवं चेन्नई के लिए इस संबंध में एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञों की बैठक यथाशीघ्र आहूत किया जाए, जिसमें टेक्निकल सेल के साथ-साथ निविदा निस्तारण समिति के लोग भी रहे. श्री गडकरी ने उपस्थित पदाधिकारी को यह भी निर्देश दिया कि बैठक की जानकारी सभी संबंधित सांसद को दी जाए एवं अद्यतन स्थिति की सूचना प्रदान की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि उक्त बैठक में इस बात का निर्णय लिया जाएगा कि इन कार्यों का क्रियान्वयन कब तक प्रारंभ किया जाएगा. इसके अतिरिक्त सांसद श्री महतो ने जमशेदपुर एनएच-33 में धालभूमगढ़ से बहरागोड़ा तक दिलीप बिल्डकॉन द्वारा बनाए गए सर्विस रोड का 1 वर्ष के अंदर ध्वस्त होने की जानकारी दी एवं इसकी जांच की मांग की. श्री गडकरी ने उक्त सड़क के घटिया निर्माण कार्य के लिए जांच की स्वीकृति प्रदान की. सांसद श्री महतो ने घाटशिला के फुलडूंगरी चौक एवं बहरागोड़ा के कालियाडिंगा चौक पर निरंतर हो रहे दुर्घटना को रोकने के लिए फ्लाईओवर अथवा अन्य उपाय करने के लिए अपना प्रस्ताव दिया ताकि उक्त दोनों दुर्घटना संभावित स्थानों पर दुर्घटना पर विराम लग सके. श्री गडकरी ने इस संबंध में भी पदाधिकारियों को समुचित निर्देश जारी किया.




