जमशेदपुर : इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) की जमशेदपुर इकाई ने शनिवार को आपदा जोखिम न्यूनीकरण क्लब (डीआरआर क्लब), सिविल इंजीनियरिंग विभाग एवं एनआइटी जमशेदपुर के सहयोग से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया. बिष्टुपुर एन रोड स्थित शावक नानावटी तकनीकी संस्थान में आयोजित उक्त सेमिनार का विषय था ‘सुरक्षित समुदायों का निर्माण : आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन के लिए इंजीनियरिंग समाधान’. सेमिनार का उद्देश्य वर्तमान समय की सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक, प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं की बढ़ती आवृत्ति और उनसे तीव्रता से निपटने के लिए प्रतिष्ठित इंजीनियरों, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, प्रशासकों और छात्रों को एक साथ लाना था. इसमें जलवायु परिवर्तन, तीव्र शहरीकरण, पर्यावरणीय क्षरण और अनियोजित विकास के बढ़ते खतरों के साथ ही वैज्ञानिक अनुसंधान और इंजीनियरिंग नवाचारों के जरिये निर्देशित, प्रतिक्रियात्मक उपायों से आगे बढ़कर रोकथाम, तैयारी और लचीलेपन की ओर बढ़ने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

शिक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (एनआइडीएम) की पहल पर स्थापित एनआइटी जमशेदपुर के आपदा जोखिम न्यूनीकरण क्लब ने युवाओं और स्थानीय समुदायों के बीच जागरूकता बढ़ाने, क्षमता निर्माण और लचीलेपन की संस्कृति को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी ली है. मुख्य अतिथि, एनआइटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो गौतम सूत्रधर एवं विशिष्ट अतिथि सह सत्राध्यक्ष, टाटा स्टील मैन्युफैक्चरिंग लांग प्रोडक्ट्स के प्रमुख विनीत शाह के गर्मजोशी से स्वागत के साथ सेमिनार की शुरुआत हुई. इंस्टीच्यूट ऑफ इंजीनियर्स के जमशेदपुर केंद्र के पूर्व मानद सचिव डॉ एसके नारंग ने दोनों अतिथियों का परिचय कराया. (नीचे भी पढ़ें)

सेमिनार में शिक्षा जगत एवं निर्माण उद्योग के 90 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें एनआइटी जमशेदपुर और अन्य संस्थानों के स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध छात्रों के साथ ही सुवर्णरेखा परियोजना, झारखंड सरकार, टीएसयूआइएसएल (पूर्व में जुस्को), एमैथिस्ट बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, एपीसीओ इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के वर्किंग प्रोफेशनल्स, डालमिया सीमेंट, जिंदल पेंटहर सीमेंट लिमिटेड, अन्य निर्माण उद्योगों के गणमान्य व्यक्तियों सहित क्षेत्रीय बिक्री प्रमुख रत्नेश उत्पल एवं मेसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट्स लि की तकनीकी सेवा के क्षेत्रीय प्रबंधक सह सेमिनार के प्रायोजक सायक चक्रवर्ती भी शामिल रहे. (नीचे भी पढ़ें)

उद्घाटन सत्र की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विनीत शाह ने आगत प्रतिभागियों का स्वागत किया. प्रो गौतम सूत्रधर ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि सुरक्षा और लचीलापन सामुदायिक स्तर पर शुरू होता है. उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रत्येक व्यक्ति इंजीनियर, शिक्षक, पेशेवर या नागरिक की भूमिका में हो सकता है. सशक्त समुदाय, सहयोगी संस्थान और दूरदर्शी इंजीनियरिंग डिज़ाइन एक ऐसा भविष्य बनाने में मदद कर सकते हैं, जहां आपदाओं को त्रासदी का रूप लेने से रोका जा सके. उन्होंने उप-हिमालयी क्षेत्रों में मृदा अपरदन को कम करने और भूस्खलन की बढ़ती आवृत्ति को नियंत्रित करने के लिए मृदा जैव अभियांत्रिकी के अनुप्रयोगों पर ध्यान केंद्रित किया, जिससे संपत्ति और जान-माल का भारी नुकसान होता है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरे तकनीकी सत्र का संचालन अशोक कुमार दास ने किया, जिन्होंने बाढ़ की स्थितियों से निपटने के अपने पेशेवर अनुभव साझा करते हुए व्यावहारिक समाधानों और संकट प्रबंधन पर प्रकाश डाला. तीसरे सत्र में एनआइटी जमशेदपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ प्रह्लाद प्रसाद का व्याख्यान हुआ. उन्होंने “भूकंप-रोधी अवसंरचना: डिजाइन और जोखिम न्यूनीकरण में नवाचार और भूकंपीय जोखिम न्यूनीकरण : सुरक्षित समुदायों के लिए इंजीनियरिंग रणनीतियां” और भूकंपीय जोखिम न्यूनीकरण रणनीतियों पर चर्चा की, और भूकंप-रोधी सर्वोत्तम निर्माण प्रथाओं पर जोर दिया. चौथे तकनीकी सत्र की अध्यक्षता करते हुए एनआइटी जमशेदपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ चौधरी मधुसूदन राव ने “बाढ़ और भूस्खलन के लिए एआइ-संचालित वास्तविक समय, खतरा निगरानी एवं पूर्वानुमान विश्लेषण” पर चर्चा की और आपदा पूर्वानुमान और प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) की भूमिका को रेखांकित किया.














