सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. नीमडीह थाना में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी. चोरी की घटना रघुनाथपुर बाजार के पास बैंक ऑफ इंडिया के सामने घटी थी. गहन छानबीन और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने राकेश कोंडायता (19 वर्ष,ग्राम फलतोलोडा) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया. दोनों ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की. इसके साथ ही अन्य साथियों द्वारा अलग-अलग जगहों पर 10 से 15 हजार रुपए में मोटरसाइकिल बेचे जाने की जानकारी सामने आई. (नीचे भी पढ़ेें)
पुलिस ने कुल 06 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनके चेसिस और इंजन नंबर की पुष्टि की गई है. घटना के बाद नीमडीह थाना और कपाली ओपी स्तर पर गठित विशेष टीम ने अपराधियों का पता लगाया. सरायकेला पुलिस की यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. वहीं छापामारी दल में नीमडीह थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी, कपाली थानेदार धीरंजन कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में अपराध रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी. यह मामला क्षेत्र के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है.














