
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची में बिरूपा रोड स्थित श्रीश्री शनि धाम एवं पंचमुखी हनुमान मन्दिर समिति का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय पहुंचा और उपायुक्त के नाम एक मांग पत्र सौंपा. इसके माध्यम से समिति ने बिरुपा रोड के आस-पास मंदिर निर्माण के लिए जमीन मुहैया कराने की मांग की है. समिति की ओर से कहा गया है कि बीते 5 फरवरी को जिला प्रशासन के दबाव में साकची बिरूपा रोड स्थित श्रीश्री शनि धाम एवं पंचमुखी हनुमान मन्दिर को ध्वस्त कर वहां से मूर्तियों को हटाया गया, जिससे शहर के हिन्दू समुदाय के लोगों में असंतोष है. समिति की ओर से जिले के उपायुक्त का ध्यान आकर्षित कराते हुए विभिन्न मांगें की गई हैं. इसमें कहा गया है कि हिन्दू समुदाय की आस्था एवं विश्वास को ध्यान में रखते हुए साकची स्थित बिरूपा रोड में ग्रेजुएट कॉलेज के पीछे की तरफ पूर्व से स्थित श्रीश्री शनिधाम एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थल या उसके आस-पास कम से कम 15X15 फीट जमीन प्रदान की जाये, ताकि वहां श्रीश्री शनि धाम एवं पंचमुखी हनुमान मन्दिर स्थापित कर हिन्दू समुदाय की आस्था मान रखा जाये. (नीचे भी पढ़ें)
कहा गया है कि कब्रिस्तान से सटे हुए स्ट्रेट माइल रोड की तरफ लगभग 60X200 फीट खाली जमीन पर कुछ वर्षों पूर्व टाटा स्टील द्वारा पौधारोपण किया गया था, अब कब्रिस्तान कमिटी द्वारा उक्त पेड़ों को काटकर अतिक्रमण कर लिया गया है. इसमें कब्रिस्तान कमिटी द्वारा टीन शेड बनाया गया है, लगभग 15 नलें लगाई गई हैं. चारों तरफ लोहे का ग्रील लगा दिया गया है तथा 4X7X1 फीट का चबुतरा बना दिया गया है. अतः उक्त जमीन को कब्रिस्तान कमिटी से अतिक्रमण मुक्त कराया जाये. कब्रिस्तान के तीनों तरफ कोरोना का हवाले देकर गेट खोल दिया गया है. इसे बंद कराया जाये. जबकि पूर्व से दो गेट था, उसे बरकरार रखते हुए बाकी सभी गेटों को बंद करा दिया जाये. शीतला मंदिर के बगल में साकची मोहम्मडन लाइन के बगल में बच्चों के खेलने के मैदान एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए स्थित परती जमीन पर पीसीसी छत ढलाई कर इमामबाड़ा बन रहा है, इसे अतिशीघ्र रोकने की कृपा करें. साकची स्थित ग्रेजुएट कॉलेज के पास एक टीओपी स्थापित कराया जाये.






