जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत बारीगोड़ा निवासी पूर्व उपमुखिया सह ट्रांसपोर्टर के घर डकैती और उनकी हत्या की साजिश रचने के मामले में फरार चल रहे एक अपराधी को पुलिस ने धर दबोचा है. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोलपहाड़ी क्षेत्र से आरोपी सौरभ सिंह उर्फ तोड़े को गिरफ्तार कर लिया. सोमवार को आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उल्लेखनीय है कि बारीगोड़ा निवासी पूर्व उप-मुखिया को निशाना बनाने के लिए अपराधियों ने एक सुनियोजित योजना तैयार की थी, जिसके तहत उनके घर में डकैती डालने के साथ-साथ उनकी हत्या करने का भी इरादा था. परसुडीह पुलिस ने समय रहते इस साजिश का भंडाफोड़ किया था. इससे पहले पुलिस ने गिरोह के सरगना शिव नारायण रजक उर्फ चिदु, रोशन सिंह उर्फ पाका, रोशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली और आजाद पाल उर्फ बॉबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.(नीचे भी पढ़े)
सौरभ सिंह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह उर्फ तोड़े (24 वर्ष) गोलपहाड़ी, नियर कुन्डु पुआल टाल का निवासी है. मैट्रिक तक शिक्षित सौरभ अविवाहित है और वह गोलपहाड़ी इलाके में ही पूजा का सामान बेचने का काम करता है. स्थानीय स्तर पर एक सामान्य दुकानदार की पहचान रखने वाले सौरभ के तार गंभीर अपराधों से जुड़े हुए थे. पुलिस जांच में सौरभ का एक लंबा और डरावना आपराधिक इतिहास सामने आया है. वह शहर के विभिन्न थानों में दर्ज कई गंभीर मामलों में आरोपी रहा है. सौरभ के खिलाफ सीतारामडेरा थाना में वर्ष 2022 में लूट और वर्ष 2024 में हत्या व हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामले दर्ज हैं. इसके अलावा, अप्रैल 2025 में भी परसुडीह थाना में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वर्तमान साजिश में उसे हथियार और संसाधन कहां से उपलब्ध कराए गए थे.














