जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ह्यूमपाइप स्थित इंद्रानगर में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके बेटे और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.32 ग्राम ब्राउन शुगर, 38 पुड़िया अवैध मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि इंद्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने दोनों बेटों के साथ घर से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-प्रथम की निगरानी में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

गठित टीम ने त्वरित छापेमारी कर भारती कैबर्तो (40 वर्ष), उसके पुत्र विशाल कैबर्तो (22 वर्ष) और एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान कुल 38 पुड़िया ब्राउन शुगर, 4.32 ग्राम मादक पदार्थ और 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला भारती कैबर्तो एक पेशेवर ड्रग्स पैडलर है और पूर्व से अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त रही है. उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में कई मामले दर्ज हैं. वहीं विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं.







