
जमशेदपुर : पुलिस विभाग में महिलाओं का भविष्य काफी उज्ज्वल है। विभाग में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित है। ये बातें जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिस कर्मी के संबोधन में कहा। रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बिष्टुपुर थाना परिसर स्थित सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

इस अवसर पर अनूप बिरथरे ने बेहतर कार्य के लिए महिला थाना प्रभारी लक्ष्मी कुमारी, डॉयल 100 में पदस्थापित एएसआई चरिया सुरेखा खालको, पीसीआर 18 की सुधा देवी, तरेसा सोय मुरुम, पुलिस लाइन की कविता जेना और क्यूआरटी की अनीता मिंज को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अनूप बिरथरे ने कहा कि शहर में 70 प्रतिशत मामले महिला उत्पीडन से जुड़े होते है उनमें भी ज्यादा मामला महिलाओं को मिलने वाला गुजरा भत्ता से जुड़ा होता है। इससे ये पता चलता है कि महिलाओं में अपने अधिकार के प्रति ज्यादा जागरूकता है या फिर महिलाओं को ज्यादा सताया जाता है। एसएसपी ने कहा कि हर थाने में यदि महिला पुलिस अधिक होगी तो लोगों का पुलिस के प्रति लोगों का सकरात्मक विश्वास बढेगा। झारखंड पुलिस में जो भी भर्ती हो रही है उसमें 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित हैं जिसमें उनका भविष्य उज्जवल है।

समारोह को संबोधित करते हुए महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष अंजली बोस ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार मिल रहा है। महिला थाना इस दिशा में बेहतर काम कर रहा है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण महिला थाना प्रभारी लक्ष्मी कुमारी ने किया जबकि संवालन डीएसपी अरविंद कुमार व धन्यवाद ज्ञापन बिष्टूपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा ने किया। इस अवसर पर सभी डीएसपी व जिले की महिला पदाधिकारी, पुलिस मौजूद थीं।







