जमशेदपुर : जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित नीतिबाग इलाके में सोमवार सुबह से पुलिस बैंक साइबर ठगी के एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है. आरोपी की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है, जिस पर बैंक से जुड़े साइबर ठगी के मामले में संलिप्त होने का आरोप है. जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जैसे ही आरोपी को पकड़ने नीतिबाग पहुंची, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए एक इमारत से दूसरी इमारत में भागता रहा. (नीचे भी पढ़ें)
काफी देर तक पुलिस और आरोपी के बीच आंख-मिचौली चलती रही. भागते-भागते आरोपी एक इमारत के छज्जे पर पहुंच गया, जहां से पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार आरोपी से सुरक्षित तरीके से नीचे उतरकर आत्मसमर्पण करने की अपील कर रहे हैं. हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपी सरेंडर करने को तैयार नहीं हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

इस कारण पुलिस पूरी सतर्कता और संयम के साथ कार्रवाई कर रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी, लेकिन पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी. अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभिषेक बैंक साइबर ठगी के एक मामले में वांछित है और उसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए यह कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेने के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा. फिलहाल अभियान जारी है और पुलिस स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए हुए है.







