जमशेदपुर : इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट का 16वां इंस्टॉलेशन समारोह गोलमुरी क्लब में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए संचिता डे ने क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं रोटेरियन मैत्रेयी चक्रवर्ती उपस्थित रहीं. इसके अलावा इनर व्हील क्लब की डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारी तथा जमशेदपुर के विभिन्न इनर व्हील क्लबों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य भी समारोह में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 की सचिव अंजू बाला ने क्लब द्वारा किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों की विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की. (नीचे भी पढ़ें)

निवर्तमान अध्यक्ष डॉ मीना मुखर्जी ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई अध्यक्ष संचिता डे को औपचारिक रूप से पदभार सौंपा. उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम क्लब की सेवा गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी. समारोह का संचालन डॉ नीलम सिन्हा ने किया. नई कार्यकारिणी में पूर्व अध्यक्षा डॉ मीना मुखर्जी, उपाध्यक्ष अंजू बाला, सचिव मधुमिता रॉय, कोषाध्यक्ष संपा उपाध्याय, आइएसओ विनीता तथा संपादक रश्मि नारायण ने पदभार ग्रहण किया. समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.







