जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जेसु भवन के पास वाहन चेकिंग को लेकर एक बार फिर पुलिस और पब्लिक के बीच विवाद सामने आया है. इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जानकारी के अनुसार, इलाके में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान कांग्रेस नेता शहनवाज़ ने आरोप लगाया कि पास के फ्लैट से निकलकर अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने या रोजमर्रा के काम से जाने वाले लोगों को पुलिस कर्मी एएसआई अरविंद द्वारा रोका जाता है और उनका जबरन चालान काटा जाता है. (नीचे देखे पूरी खबर)
उन्होंने यह भी कहा कि कई लोगों को चालान काटने की धमकी दी जाती है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी है. वहीं एक युवक ने आरोप लगाते हुए बताया कि बंगाल नंबर की एक गाड़ी को रोककर उसका ड्राइविंग लाइसेंस ले लिया गया. युवक का कहना है कि जब उसने इस पर सवाल उठाया तो पुलिस कर्मी अरविंद ने कथित तौर पर कहा कि वह भी चाहें तो “भाजपा के लड़कों” को बुला सकते हैं, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया. हालांकि, इन सभी आरोपों पर सफाई देते हुए एएसआई अरविंद ने उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि जिस गाड़ी को रोका गया था, उसके पास वैध ऑथराइजेशन नहीं था और उसे छोड़ने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास नियमों के खिलाफ जाकर गाड़ी छोड़ने का अधिकार नहीं है और इसके लिए संबंधित अधिकारी, जैसे “बड़ा बाबू” या डीएसपी से बात करने को कहा गया. एएसआई अरविंद के अनुसार, इसके बाद संबंधित युवक ने करीब 10 लोगों को मौके पर बुला लिया और उन पर झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए, जिससे स्थिति विवाद में बदल गई. फिलहाल यह मामला दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित है. मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.





