जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक और सफलता हासिल की, जहां पुलिस ने ब्राउन शुगर रैकेट का भंडाफोड़ किया है. जुगसलाई पुलिस ने इस मामले में कुल 13 सदस्यों की गिरफ्तारी की है. संवाददाता सम्मेलने में उक्त जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि ब्राउन शुगर का सबसे बड़ा तस्कर अभ्दुल हामिद (27) है, जो सरायकेला खरसावां जिले के बालीगुमा कमलपुर का रहने वाला है. यह ओडिशा और सरायकेला के आदित्यपुर से ब्राउन शुगर लाकर जुगसलाई लाता था और जुगसलाई में अन्य संलिप्त लोगों में बांटता था, जो जमशेदपुर में ब्राउन शुगर को बेचते थे. अन्य संलिप्त सदस्यों में जुगसलाई के मो जाकिर (26), सजाद खान उर्फ अमन (19), शेख अफरिदी उर्फ खदबद (19), आरिफ खान उर्फ पीलत (19), मो जावेद (24), मो अलताफ (28), मो चॉद, मो अरवाज उर्फ रोहित (25), नगमा खातुन (30), मो अमीर गद्दी, अमृत गुड़ीया, सावन दास को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सभी सदस्य मुख्य तस्कर, अमृत और सावन दास को छोड़ सभी सदस्य जुगसलाई के है. अमृत गुड़ीया (परसुडीह) और सावन दास बागबेड़ा का रहने वाला है. इसमें एक महिला भी शामिल है, जो इन्ही सदस्यों में से सजाद खान उर्फ अमन की प्रेमिका है. इन सभी के पास से 150 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये है. इसके साथ ही इनके पास से कुल 8 मोबाइल फोन, 7920 रुपये नगद व अन्य सामग्री बरामद की गयी है. इन सभी को जुगसलाई थाना अंतर्गत पार्वती घाट के समीप खरकई नदी किराने से पकड़ा गया है. अब्दुल हामिद भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर जुगसलाई खरकई नदी किनारे पहुंचा था, जहां अन्य सदस्यों द्वारा खरीद बिक्री के लिए पैकेट तैयार किया जा रहा था. वहीं सिटी एसपी ने बताया कि इसमें से तीन वे सदस्य भी है जिन्होंने जुगसलाई में देर रात फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. फिलहाल सभी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.














