
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. कदमा में हुए गोलीकांड के मामले में कोर्ट में सरेंडर करने वाले बिट्टू ग्वाला उर्फ प्रशांत कापड़ी (कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 5 पेट्रोल पंप के पास रहने वाला) और सुमित कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है. पुलिस ने इस मामले को लेकर उनसे गहन पूछताछ की. केस के आइओ आलोक कुमार द्वारा रिमांड पर लेकर पूछताछ की गयी, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक पिस्तौल और गोली को बरामद किया. इस घटना में इस्तेमाल किये गये स्कूटी, मोटरसाइकिल और बुलेट मोटरसाइकिल को भी बरामद किया गया है.
इस घटना में शामिल पांच अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार लोगों में बिष्टुपुर के स्ट्रेट माइल रोड के आउट हाउस में रहने वाला विकास नाग, सोनारी खूंटाडीह खस्सी लाइन निवासी दीपक कुमार, कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 5 निवासी तापस घोष, सोनारी खूंटाडीह मसजिद रोड निवासी रंजीत कर्मकार, बेल्डीह चर्च स्कूल के पास रहने वाला अनीस महानंद को गिरफ्तार किया. उन सारे लोगों को जेल भेज दिया गया है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि जिले के कदवा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 5 में बीते 15 अप्रैल को विश्वनाथ कुमार उर्फ शेरू के घर पर हत्या की नियत से गोली चलाने की घटना हुई थी, जिसमें विश्वनाथ कुमार बाल-बाल बच गए थे.

वही इसकी शिकायत पीड़ित ने कदमा थाना में दर्ज कराई थी, जिसमें बिट्टू ग्वाला उर्फ प्रशांत कापड़ी और सुमित कुमार के विरुद्ध नामजद एफआईआर कराया था. वही पुलिस से बचते हुए दोनों ने पिछले दिनों न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था. जहां से पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिससे मामले में पांच अन्य अपराधी, विकास नाग, दीपक कुमार, तापस घोष, रंजीत और अनीश महानंद की संलिप्तता सामने आयी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.




