
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने कोरोना वायरस की लड़ाई के बीच अपराधियों की धड़पकड़ भी तेज कर दी है. इस कड़ी में पुलिस ने छिनतई करने वाले एक अपराधी को पुलिस ने पकड़ा है. पकड़े गये अपराधी में जमशेदपुर के गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी अजय कुमार सिंह का पुत्र अमन सिंह शामिल है. जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बाग-ए-जमशेद स्कूल यानी गरमनाला के पास 19 मार्च को दो महिलाओं के साथ एक साथ बैग की छिनतई किया गया था. राजेंद्र विद्यालय स्कूल से दो दंपत्ति अलग-अलग गाड़ी में चल रहे थे कि रास्ते में मेन गोलचक्कर से ठीक पहले अपराधियों ने पहले एक दंपत्ति से बैग छिना था और फिर दूसरे दंपति को लूट लिया था. इसके बाद लोगों ने इसको असुरक्षा से जोड़कर देखा था. इस मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा ने दल बल के साथ अभियान के तहत सीसीटीवी की जांच की. सीसीटीवी में दिखा कि एक अपराधी बुलेट मोटर साइकिल से इस छिनतई की घटना को अंजाम दिया था. इसके आधार पर पुलिस ने छापामारी कर एक युवक को पकड़कर जेल भेज दिया जबकि उसका एक साथी फरार है. पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है और छापामारी कर रही है.







