
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची में छिनतई के प्रयास में चाकूबाजी और मानगो में चाकू मारकर हत्या की घटना में दो ही अपराधी शामिल थे. पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने कपाली निवासी शेख अशफाक उर्फ रज्जन और उसके साथी मो शारिक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और चोरी की बाइक भी बरामद किया है. इसके अलावा कदमा से एक महिला से छीना गया मोबाइल भी बरामद किया गया है. मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि जुबली पार्क से बाइक की चोरी करने के बाद दोनो ने पहले बाइक के नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की फिर कदमा में जाकर एक महिला से मोबाइल की छिनतई की. (नीचे देखे पूरी खबर)

वहां से दोनो ने फिर मोबाइल छिनतई का प्लान बनाया और साकची कब्रिस्तान की ओर गए. यहां दोनो ने बिरसानगर जोन नंबर चार निवासी समीर त्रिपाठी के सामने बाइक रोकी और समीर से मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे. विफल होने पर उन्होंने समीर पर चाकू से हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए. यहां से भागते हुए दोनो मानगो चौक पहुंचे जहां शराब दुकान में शराब लेने पहुंचे. शराब लेने के दौरान उनकी मुलाकात अरविंद सिंह से हुई. आरोपी अशफाक और अरविंद पूर्व में एक ही जगह काम करते थे इसलिए दोनो एक दूसरे से परिचित थे. अशफाक ने अरविंद को शराब पिलाने को कहा. इसी बात को लेकर दोनो के बीच बहस हुई. बहस में ही अशफाक ने चाकू निकाला और अरविंद पर चाकू से कई बार वार कर दिए जिससे अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने अशफाक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. फिलहाल पुलिस ने दोनो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.





