
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित महतो पाड़ा रोड निवासी समीउर रहमान के घर पर शनिवार देर रात चक्रधरपुर पुलिस ने जमकर हंगामा किया. पुलिस सुबह तक उनके घर के बाहर मौजूद रही. हालांकि पुलिस उनके बेटे को गिरफ्तार करने आईं थी. जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस ने घर की खिड़की तोड़ डाली और जाते-जाते घर के बाहर खड़ी कार के शीशे भी तोड़ दिए. (नीचे भी पढ़ें)
समीउर का परिवार रात भर डर के माहौल में रहा. इस संबंध में समीउर ने बताया कि उनकी बहू अपने मायके में रहती है. उन्होंने उसे घर से निकाल दिया है. वहीं बेटे को भी बेदखल कर दिया है. अब उनके बेटे से कोई वास्ता नहीं है. बेटे के खिलाफ चक्रधरपुर में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज है. उन्होंने बताया कि रात को पुलिस उनके घर आयी और दरवाजा खोलने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि दरवाज़ा नहीं खोलने पर पुलिस ने जमकर हंगामा किया. घर की छत पर चढ़कर पानी की टंकी से पानी बंद कर दिया. इसकी शिकायत वे वरीय पदाधिकारियों से करेंगे. वहीं जुगसलाई पुलिस का कहना है कि चक्रधरपुर थाने में उनके बेटे के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज है, जिसमें 5 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है. जिसमें से उनके बेटे के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी है. पुलिस उसे ही पकड़ने गयी थी.




