जमशेदपुर : पोटका के विधायक संजीव सरदार की पहल पर केजीबीवी (कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय) पोटका की 31 छात्राओं ने झारखंड विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस दौरान छात्राओं ने विधानसभा परिसर का अवलोकन किया और करीब तीन घंटे तक सदन की कार्यवाही को अपनी आंखों से देखा. ये सभी छात्राएं अपने विद्यालय की बाल संसद की सदस्य हैं और इस शैक्षणिक यात्रा के माध्यम से उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला. विधानसभा के भ्रमण के दौरान छात्राओं ने देखा कि किस प्रकार विधानसभा में जनप्रतिनिधि जनहित के मुद्दों को उठाते हैं और उन पर चर्चा कर निर्णय लिए जाते हैं. छात्राओं ने कहा कि झारखंड विधानसभा की यह शैक्षणिक यात्रा उनके लिए बेहद प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रही। (नीचे भी पढ़ें)

इससे उन्हें लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला. उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं ने कहा की विद्यालय के एक कार्यक्रम में जब विधायक पहुचे थे तब छात्राओं ने उनसे पिकनिक की मांग की थी जिस पर विधायक श्री सरदार में छात्राओं से पिकनिक से बेहतर एक शैक्षणिक भ्रमण का वादा किया था, आज उस वादे को विधायक ने पूरा कर दिया. भ्रमण के पश्चात सभी छात्राओं को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने अपने कक्ष में आमंत्रित किया. इस दौरान छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और स्पीकर ने उन्हें लोकतंत्र की गरिमा, जिम्मेदारियों तथा एक जागरूक नागरिक बनने के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया. इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं ज्योति सागर और शुचिता कुमारी भी मौजूद थीं. विधायक संजीव सरदार ने कहा कि छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे देश की शासन व्यवस्था को समझ सकें और भविष्य में एक जागरूक नागरिक बन सकें. उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होती हैं और उनके ज्ञान व आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं. छात्राओं ने भी इस यात्रा को अपने जीवन का यादगार और सीख से भरा अनुभव बताया.







