सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना अंतर्गत टाटा-रांची नेशनल हाईवे-33 पर मंगलवार को मुखिया होटल के समीप स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर (जेएच 05सीएल 3072) में चार लोग सवार होकर जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहे थे. इसी दौरान चांडिल के पास वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही बोलेरो (जेएच 05डीटी 4527) से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. स्विफ्ट डिजायर में आशीष पाण्डेय, दिशा बनर्जी, मनदीप सिंह और नवजोत सिंह सवार थे. हादसे में साकची गुरुद्वारा बस्ती निवासी नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सभी लोग दिशा बनर्जी को रांची एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे. वहीं बोलेरो में अमरातून बीवी, एम.डी. इसराइल समेत चार लोग सवार थे, जो सरायकेला जिले के चौड़ा तिरुलडीह (कुकड़ू प्रखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

दुर्घटना में अमरातून बीवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज टीएमएच में चल रहा है. अन्य घायलों को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया. घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. स्थानीय लोगों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है.













