
जमशेदपुर : महाराष्ट्र के अंधेरी पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. सेक्स रैकेट का संचालन ऑनलाइन किया जा रहा था, जिसके संचालन में तीन युवक लगे थे, जिसमें दो जमशेदपुर के जबकि एक रांची का युवक है. इन तीनों से अंधेरी पुलिस पूछताछ कर रही है. इन तीन युवकों को पुलिस ने चार अक्तूबर तक के लिए रिमांड पर लिया है ताकि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा सके. पुलिस ने उनके चंगुल से दो लड़कियों को भी छुड़ाया है, जो वहां सेक्स करने के लिए पहुंची थी. बताया जाता है कि मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच को यह गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्स रैकेट का संचालन ऑनलाइन हो रहा है. करीब 15 दिनों से मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम नजर रख रही थी और अंधेरी स्थित एक होटल में पुलिस ने छापामारी की. बताया जाता है कि मुंबई एस्कॉर्ट, वीआइपी सेलेब्रिटी के नाम से एक ऑनलाइन एडवरटाइजमेंट किसी ने मुंबई क्राइम ब्रांच के ही एक वरीय अधिकारी को भेज दिया. इसके बाद क्राइम ब्रांच की पूरी टीम को उक्त वरीय अधिकारी ने काम पर लगाया, जिसके बाद करीब दस पुलिस ऑफिसरों ने अंधेरी स्थित होटल रॉयल एलिट में छापामारी की, जहां से गुल्लील उर्फ करन नमन यादव (33), अशोक जगदीश यादव (38) और संतोष यादव (36) को पकड़ लिया. उनके पास से आठ मोबाइल फोन, एक कार और 16 हजार रुपये नगद भी बरामद किया गया. इस दौरान दो लड़कियों को भी वहां से पकड़ा गया. उनके दो अन्य साथी समीर और अमर यादव की अब भी तलाश चल रही है. बताया जाता है कि गुल्ली लीज पर मकान लेकर होटल का संचालन करता था और इसी धंधे का मुख्य कर्ता-धर्ता है और उसके खिलाफ पहले से ही महाराष्ट्र के पवई और दहीसार थाना क्षेत्र में केस दर्ज है. वैसे ये लोग जमशेदपुर और रांची के बताये गये है, लेकिन जमशेदपुर और रांची में कहां रहते है, यह बताने से फिलहाल मुंबई पुलिस इनकार कर रही है.
ग्राहक बनकर महाराष्ट्र पुलिस ने कांड का किया उदभेदन
महाराष्ट्र पुलिस के क्राइम ब्रांच के अधिकारी खुद कस्टमर बन गये और दो लड़कियों को पहले बातों में फंसाया. उनको पूरा पेमेंट किया. इसके बाद उन लड़कियों के साथ बांद्रा में घुमे, जहां अभियुक्त के सामने ही पूरा पेमेंट किया गया. बताया जाता है कि 50 फीसदी लड़की को मिला जबकि 50 फीसदी आरोपी युवकों ने अपने पास रख लिया. इसके बाद लड़की झांसा देकर निकल गयी थी, लेकिन कार का नंबर पुलिस ने नोट कर लिया था, जिसमें मीरा रोड गुल्ली का पता मिला. इसके बाद पुलिस ने इस गिरोह का परदाफाश किया. बताया जाता है कि जमशेदपुर और रांची के युवक ऐसी महिलाओं को अपने जाल में फंसाते थे, जिनको पैसे की जरूरत होती थी. ऐसी महिलाओं की तस्वीरों को ऑनलाइन शेयर करने के बाद उनके साथ जमशेदपुर और रांची के युवक संपर्क कराते थे, जिसके बाद पूरा पेमेंट करना होता था.



