जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से रक्तदान जागरुकता अभियान के तहत पूरे जून महीने को रक्तदान के सबसे अधिक जरूरत का माह घोषित किया गया और इस माह में हर सम्भव परिस्थिति में रक्तदान शिविर के साथ-साथ हर एक रक्तदाता के रक्तदान को स्वीकार किया गया, इस कड़ी में आज एसडीपी डोनेशन, जो कि रक्तदान के क्षेत्र में एक क्रान्तिकारी खोज है, के तहत रेड क्रॉस सोसाईटी के एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की देखरेख में जरूरतमंदों की प्लेटलेट्स आवश्यकता को पूरी करने के लिए टाटा स्टील कर्मी सरोज रक्षित ने तीसरी बार एसडीपी डोनेट किया एवं 16 बार नियमित रक्तदान से अपना 19 रक्तदान पूरा किया. दिलीप आचार्य ने आज 25वां एसडीपी डोनेशन किया, 43 नियमित रक्तदान के साथ उन्होंने कुल 68 रक्तदान पूर्ण किये. शशि शेखर प्रसाद ने तीसरी बार एसडीपी डोनेट किया तथा 6 बार नियमित रक्तदान कर 9 रक्तदान पूर्ण किये. (नीचे भी पढ़े)

पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रक्तदान का अभियान 1 अक्टूबर, राष्ट्रीय रक्तदान दिवस तक लगातार जारी रहेगा. इस माह दो प्रमुख रक्तदान शिविर, जिनमें 25 जून को रेड क्रॉस के पेट्रॉन व समाजसेवी स्व सुखदेव सिंह (एसडी सिंह मार्शल) की 28वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन सिदगोड़ा स्थित एसडीएसएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा. एसडीएसएम एजुकेशनल फाउण्डेशन ट्रस्ट के द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित होगा, वहीं 28 जून को साकची डीसी ऑफिस रोड स्थित रेड क्रॉस भवन में रेड क्रॉस के पेट्रॉन व समाजसेवी स्व केके सिंह जी की जयंती पर केके एजुकेशनल फाउण्डेशन ट्रस्ट के संयोजन में रेड क्रॉस सोसाइटी की सहभागिता में आयोजित किया जाएगा. जुलाई माह के आरंभ 1 जुलाई को रोटरी स्थापना दिवस के साथ डॉक्टर्स व चार्टर्ड एकाउन्टेट डे को साथ लेकर रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी के सहयोग से रेड क्रॉस भवन में प्रातः 9 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि वे इस समय शहर की जरूरत का ध्यान रखते हुए जरूर रक्तदान करें, क्योंकि जरूरत के समय की गयी मदद ईश्वरीय अनुभूति पैदा करती है.







