जमशेदपुर : केंदडीह गांव में सोमवार को शाम एक भयानक हादसा हुआ जिसमें कई लोग बाल-बाल बचे. ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही एक युवक शंभु महतो अपनी टाटा मैजिक वैन (सवारी गाड़ी) को तेज रफ्तार से अपने घर की ओर ले जा रहा था. कुछ ही मिनट के अंदर घर पहुंचता कि अनियंत्रित वैन गांव के ही लक्खीकांत गोराई के घर में घुस गई. वैन बरामदे के एस्बेस्टस की छत को तोड़ते हुए पक्के मकान को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. इस घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई और घर में मौजूद लोग चीखने चिल्लाने लगे. सभी एक-दूसरे की तलाश करने लगे. जब पता चला कि सभी लोग सुरक्षित हैं तो कुछ देर के बाद जान में जान आई. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में पीड़ित परिवार के मुखिया लक्खीकांत गोराई ने कहा कि भगवान का लाख-लाख शुक्र है कि उन्हें जीवनदान मिला, क्योंकि घटना के 5 मिनट पहले तक वह बरामदे में एक खटिया पर बैठे हुए थे. किसी काम के बहाने अंदर घुसे ही थे कि तेज धमाकों के साथ देखते ही देखते गाड़ी उनके घर के अंदर घुस गई. आवाज सुनते ही आसपास के घरों से काफी संख्या में लोग पहुंचे और घटना की जानकारी ली. शराब के नशे में धुत चालक शंभु महतो को गाड़ी से किसी तरह निकालकर अस्पताल भेजा.



