जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह गोलचक्कर के पास रविवार की रात स्कूटी सवार पिता पुत्र को एक टेलर ने पीछे से टक्कर मार दी जिसमें पिता पुत्र घायल हो गए. घटना के बाद टेलर चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगो ने दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद पुत्र को मृत घोषित कर दिया.

वहीं पिता का इलाज चल रहा है. मृतक का नाम प्रकाश स्वर्णकार (35) है, वह टेल्को खड़ंगाझार के राधिका अपार्टमेंट का रहने वाला है. पिता का नाम त्रिलोचन स्वर्णकार है. उनका इलाज चल रहा है. सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया. मिली जानकारी के अनुसार त्रिलोचन टाटा मोटर्स से सेवानिवृत है. मृतक प्रकाश की चार साल पहले शादी हुई है. वह वर्तमान में मुंबई के एक बैंक में काम करता था. तीन माह पहले इलाज के सिलसिले में वह जमशेदपुर अपने घर आया था. देर रात स्कूटी से अपने पिता के साथ घर वापस लौटने के क्रम में टेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.

छह दिन पहले थी शादी की चौथी सालगिरह
मृतक प्रकाश स्वर्णकार की छह दिन पहले 21 जनवरी को शादी की सालगिरह थी. 21 जनवरी 2016 को उसकी शादी हुई थी. पत्नी बंगलुरु में रहकर काम करती है. सालगिरह के दिन प्रकाश ने धूमधाम से सालगिरह मनाई थी. घटना की सूचना पत्नी को दे दी गई है. वह बंगलुरु से जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुकी है.
घर से जल्द आने की बात कहकर निकला था प्रकाश
प्रकाश के भाई जगन्नाथ स्वर्णकार ने बताया कि प्रकाश पिता के साथ जांच के लिए निकला था. वह घर में जल्द आने की बात कह कर निकला था. पर थोड़ी देर बाद घटना की खबर आई.







