
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित इलाके के लोग नक्सलियों के अलावा हाथियों के तांडव से परेशान है. टोंटो थाना क्षेत्र के डाउडुंगवा गांव के खेत में शनिवार की रात टोंटो बाजार से घर लौट रहे 56 वर्षीय राशिका हेस्सा को हाथी ने पटककर मार डाला. बाद में रविवार को टोंटो पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस सबंध में मिली जानकारी के अनुसार बड़ाझींकपानी स्थित टोंटो में लगने वाली सप्ताहिक हाट बाजार करने के लिए अपने गांव से गये हुए थे. बताया जाता है कि हाट बाजार करके वह अपने घर डाउडुंगवा लौट रहे थे. इसी दौरान घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर रात करीब सात बजे एक हाथी के आमने-सामने हो गया. हाथी ने मृतक 56 वर्षीय राशिका हेस्सा को अपने सूढ़ से पटककर हत्या कर दी. वहीं से हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया. रविवार की सुबह जब ग्रामीण शौच करने के लिए गये तो राशिका हेस्सा का लाश को खेत में पड़ा पाया, जिसे देखकर गांव में उसके परिजन को जानकारी दी गई, तब मृतक के शव की पहचान राशिका हेस्सा के रूप में हुई. वहीं खेत में हाथी के पैर और लीद से ग्रामीण जान पाये की हाथी ने ही राशिका की जान ली है. बाद में घटना की सूचना टोंटो पुलिस को मिली तो घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया. मृतक के परिजन की शिकायत पर टोंटो थाना में मामला दर्ज किया गया है.







