
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टिनप्लेट कंपनी से निकलने वाले गोलचक्कर के पास एक ट्रेलर की चपेट में आने से सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह विद्यापतिनगर स्थित सिंधु रोड निवासी बिंदू चौधरी के 21 वर्षीय पुत्र अविनाश चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. बीती रात करीब दो बजे की यह घटना है. टिनप्लेट गोलचक्कर के पास यह हादसा हुआ. बताया जाता है कि अविनाश चौधरी अपने एक परिचित को टाटानगर रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था. वह स्टेशन से अपने बारीडीह स्थित विद्यापतिनगर लौट रहा था.

इसी बीच उसको सामने से आ रही ट्रेलर संख्या एनएल 02क्यू 6795 ने कुचल दी. वह खुद हीरो होंडा मोटरसाइकिल संख्या जेएच 05बी-8311 पर सवार होकर घर जा रहा था. उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद ट्रेलर चालक ट्रेलर को छोड़कर भाग खड़ा हुआ. सूचना पाकर टिनप्लेट गोलचक्कर पर गोलमुरी पुलिस पहुंची और पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लिया जबकि ट्रेलर को जब्त कर लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में एक एफआइआर दायर किया गया है.



