जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के चालियामा स्थित रुंगटा स्टील में कार्यरत ठेका मजदूर रतन घोष की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. रुंगटा स्टील में श्री शिवा प्रोजेक्ट के अधीन कार्यरत जमशेदपुर के परसुडीह मकदमपुर निवासी रतन घोष विगत 31 मई को दुर्घटना वश कंपनी के अंदर गर्म पानी के कुंड में गिर जाने के कारण बुरी तरह जल गया था. दुर्घटना के पश्चात कंपनी कर्मियों ने उसे टीएमएच में लाकर भर्ती कराया था, जहां शनिवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर जुगसलाई विधायक प्रतिनिधि मिथुन चक्रवती, झामुमो नेता मानिक मलिक एवं अन्य लोग अस्पताल पहुंचे. नेताओं ने अस्पताल में उपस्थित कंपनी प्रबंधन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की. वार्ता में मृतक की पत्नी को 15 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की गई, जिस पर कंपनी प्रबंधन ने सहमति जताई. वहीं कंपनी प्रबंधन ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए अलग से 50 हजार रुपये भी प्रदान किये. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक प्रतिनिधि मिथुन चक्रवर्ती ने बताया कि इसके साथ ही कंपनी प्रबंधन ने मरीज के इलाज का पूरा खर्च भी उठाया. इसके साथ ही वार्ता के दौरान मृतक के परिवार के एक आश्रित को आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में रोजगार देने के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने पर भी सहमति बनी. वार्ता के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के भेजवा दिया. पोस्टमॉर्टम के पश्चात मृतक के परिजन अंतिम संस्कार के लिए ले गए. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक प्रतिनिधि मिथुन चक्रवर्ती एवं झामुमो नेता मानिक मल्लिक ने दुर्घटना में ठेका मजदूर की हुई मृत्यु पर दुख जताते हुए संस्थानों में सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन कराये जाने की मांग की ताकि भविष्य में फिर ऐसी दुखद हादसे की पुनरावृत्ति नहीं हो.







