जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला के तमलुक में गुरुवार शाम खराब सड़क की वजह से हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे बाइक पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान खराब सड़क के कारण बाइक अचानक स्किट कर गई और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.आसपास के लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. (नीचे भी पढ़े)

यहां इलाज के दौरान रात करीब 2 बजे एक और घायल ने दम तोड़ दिया. मृतकों में से एक की पहचान बसु बास्के के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.वहीं, बाइक चला रहे रथु का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. जमशेदपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं. कहीं तेज रफ्तार, कहीं बड़े वाहनों की लापरवाही तो कहीं खराब सड़क और गड्ढे हादसों की वजह बन रहे हैं. तमलुक की यह घटना भी सड़क की खराब स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सड़क हादसों का यह सिलसिला कब थमेगा और लोगों को सुरक्षित सड़कें कब मिलेंगी.




