घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में एक वृद्ध राजमिस्त्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान सुशीजुगनी गांव निवासी उत्तम पतर (65) के रूप में हुई है. घटना घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के सामने की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार उत्तम पतर शुक्रवार रात घर का सामान खरीदने के लिए दुकान गए थे. सामान लेकर जब वह वापस अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान अनुमंडल अस्पताल के सामने एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि उत्तम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल घायल उत्तम को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं सूचना मिलते ही घाटशिला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उत्तम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार एमजीएम अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान उत्तम पतर की मौत हो गई. बताया जाता है कि उत्तम पेशे से राजमिस्त्री थे और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. घाटशिला थाना पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही वाहन का पता लगा लिया जाएगा.







