जमशेदपुर : बहरागोड़ा प्रखंड प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध बालू के सिंडिकेट और उसके संचालकों के खिलाफ अपनी रणनीति बदलते हुए एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है. मंगलवार को एनएच18 पर पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास बालू की बड़ी खेप पार होने की पुख्ता और गुप्त सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस ने जाल बिछाया. पुलिस टीम ने धर्मकांटा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्थिति में खड़े तीन हाइवा वाहनों को कब्जे में ले लिया. जब अधिकारियों ने वाहनों की जांच की, तो वे अवैध बालू से पूरी तरह लोड पाए गए. उनके चालक लदे बालू के संबंध में कोई वैध माइनिंग चालान या दस्तावेज पेश नहीं कर पाए. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद पुलिस ने तुरत जिला खान निरीक्षक से समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें मौके पर बुलाया और तीनों हाइवा को सीज कर लिया. इसके साथ ही, इसी धर-पकड़ के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर को भी पकड़ा. अचानक हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे बहरागोड़ा और सीमावर्ती इलाकों के बालू माफियों में हड़कंप मच गया है और कई सिंडिकेट संचालक भूमिगत हो गए हैं. जब्त किए गए चारों वाहनों को कड़ी सुरक्षा में बहरागोड़ा थाना परिसर में शिफ्ट कर दिया गया है. संबंधित विभाग इस मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है.







