जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा निवासी लखीचरण सिंह एवं उसके भाई सुनील सिंह ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कर उन्हें गांव के ही नारायण श्रीवास्तव एवं मनोज बोदरा द्वारा अपनी जमीन की मापी का विरोध किये दाने पर मारपीट कर जख्मी कर दिये जाने की शिकायत से संबंधित पत्र सौंपा. पत्र में दोनों भाइयों ने उपर्युकित दोनों दबंगों से जान का खतरा होने की शिकायत भी दर्ज कराई है. यही नहीं, दोनों ने उनके बार-बार प्रयास के बाद भी एमजीएम थाना पुलिस द्वारा उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किये जाने की शिकायत भी एसएसपी से की. समाचार लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी से शिकायत किये जाने के बाद मामले की जांच शुरू हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों के द्वारा सौंपी गई शिकायत के अनुसार बुधवार को लखीचरण और सुनील, दोनों भाई अपनी जमीन की पैमाइश कराने गए थे, लेकिन वहां नारायण श्रीवास्तव एवं मनोज बोदरा पहले से ही जमीन की मापी शुरू करा चुके थे. दोनों भाइयों ने अपनी जमीन की मापी कराये जाने का विरोध किया, जिस पर दोनों के साथ वहां मौजूद 20-25 लोगों ने दोनों पर हमला बोल दिया, जिससे दोनों को काफी चोटें आईं एवं दोनों का सिर भी फट गया. लखीचरण ने बताया कि जख्मी हालत में ही दोनों एमजीएम थाना पहुंचे, किन्तु एमजीएम पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद वे दोनों बार-बार थाना पहुंच कर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश करते रहे किन्तु थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद गुरुवार को उन दोनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंच कर वहां अपना शिकायत पत्र सौंपा. उन्होंने बताया कि नारायण और मनोज, दोनों उ पर दबाव बना रहे हैं जिससे उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है, इसके आलोक में लखीचरण ने एसएसपी से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई किये जाने की मांग की है ताकि उनके साथ हुई नाइंसाफी की भरपाई हो एवं दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सके. मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी से शिकायत किये जाने के बाद मामले की जांच ने गति पकड़ी है. उधर इस घटना से पूरे इलाके के लोगों में खलबली मची हुई है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.



