
घाटशिला : डुमरिया प्रखंड के दौरे के क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी बड़ा बोतला के सुदूर टोला रुगड़ीसाई, जोरकागोड़ा और बहादुरपुर गांव पहुंचे। इस क्रम में उन्होंने स्वर्गीय कोंफी सरदार की बेटी को अपनी मां के क्रिया-कर्म के लिए आर्थिक सहयोग भी किया। विदित हो कि स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य कोंकी सरदार का असामयिक निधन हो गया था। दूसरी ओर दौरे के क्रम में उक्त गांवों के ग्रामीणों ने कुणाल षाड़ंगी के समक्ष बुनियादी समस्याओं को रखा। उन्होंने बताया कि गांव में पीने के पानी का कोई श्रोत नहीं है। अभी भी लोग नदी किनारे बालू खोदकर पीने के लिए पानी लाते हैं। गांव में अब भी दर्जनों वृद्ध-वृद्धाएं और विधवा पेंशन पाने से वंचित हैं। कुणाल षाड़ंगी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे जल्दी ही विभागीय पदाधिकारियों से बात कर उक्त समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करेंगे। इस दौरान मंडल अध्यक्ष बेहुला नायक, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु मिश्रा, अजजा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष टुकाई मरांडी, सामू बास्के, रीना बास्के, जया नायक समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



