पटमदा: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका पटमदा थाना अंतर्गत गोबरघुसी पंचायत अंतर्गत सारी गांव में रविवार सुबह कलवर्ट के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनोहर माझी, पिता लम्बोदर माझी के रूप में हुई है. युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस को आशंका है कि धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई है.
जानकारी के अनुसार, मनोहर माझी शनिवार रात सारी गांव निवासी सुशील सिंह के घर आयोजित मनसा पूजा के रात्रि जागरण कार्यक्रम में अन्य कलाकारों के साथ शामिल होने गया था. रात करीब दो बजे वह टीम के सदस्य 55 वर्षीय दुर्लभ सिंह के साथ शराब पीने के लिए गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर बूढ़ीगोड़ा टोला स्थित महुआ शराब की भट्ठी पर गया था. वहां से दोनों पैदल लौट रहे थे.
बताया जाता है कि इसके बाद मनोहर घर नहीं पहुंचा, जबकि दुर्लभ सिंह नशे की हालत में अपने घर लौट गया. (नीचे भी पढे)

रविवार सुबह तालाब किनारे शौच के लिए गए ग्रामीणों ने कलवर्ट के नीचे खून से लथपथ शव देखा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह में रखवा दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की संभावना है. पुलिस ने मनोहर के साथ शराब पीने गए दुर्लभ सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि, दुर्लभ ने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है. उसका कहना है कि वह अत्यधिक नशे में था और उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है. उसने पुलिस को बताया कि मनोहर से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी और उस रात दोनों के बीच किसी तरह का विवाद भी नहीं हुआ था.मनोहर माझी विवाहित था. उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं. वह जमशेदपुर में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था. युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है.







