
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका चाकुलिया थाना क्षेत्र के आमडांगरा गांव में संपत्ति के विवाद में एक भतीजे ने अपनी चाची का जीभ काट डाला एवं जान से मारने की कोशिश की. घायल महिला मोनी मांडी 64 के पति कुंवर मांडी सोमवार को ग्रामीणों के साथ थाना पहुंचे. उन्होंने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार एवं पीतांबर मंडल को घटना की जानकारी दी और प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया. घटना के संबंध में कुंवर मांडी ने बताया कि विगत 12 फरवरी को वे किसी काम से घर से बाहर गए थे. घर में उनकी पत्नी मोनी मांडी अकेली थी. इसका फायदा उठाते हुए भतीजा रूपचांद मांडी घर में घुस आया. उसने मोनी मांडी से कहा कि आपके घर में एक सांप घुस आया है. सांप ढूंढने के नाम पर वह अपनी चाची को घर के कोने में ले गया तथा कटारी से जानलेवा हमला किया. (नीचे देखे पूरी खबर)
इस दौरान मोनी मांडी की जीभ कट गई. शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई. घायल मोनी मांडी को पश्चिम बंगाल के चिल्कीगढ़ अस्पताल ले जाया गया. स्थिति गंभीर बताते हुए चिकित्सकों झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया. इस बीच यह मामला गांव के ग्राम प्रधान विजय सोरेन के पास पहुंचा. अगले तीन दिनों तक गांव में पंचायत के माध्यम से मामले को निपटने का प्रयास किया गया. जब वहां कोई निर्णय नहीं हो सका तब गांव के लोग प्राथमिकी दर्ज कराने थाना पहुंचे. इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घायल महिला मोनी मांडी के पति कुंवर मांडी के बयान पर रूपचंद मांडी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है.




