
राजनगर : जमशेदपुर शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर बाप-बेटे का अनमोल रिश्ता का कत्ल एक बेटे ने कर दी. सरायकेला-खरसावां जिला के अंतर्गत आने वाले राजनगर थाना क्षेत्र के तुमुंग पंचायत के लखीपोश गांव की यह घटना है. रविवार शाम को करीब साढ़े पांच बजे 21 वर्षीय छोटराय हांसदा उर्फ मांझी उर्फ टीपू हांसदा मेला जाना चाहता था. विश्रामपुर में लगे मेले को देखने के लिए उसने अपने पिता बहादुर हांसदा से पैसे मांगे. पिता ने तत्काल पैसे देने से साफ तौर पर इनकार कर दिया. इसके बाद बेटे ने पिता से झगड़ा शुरू कर दिया. पिता ने कहा कि बेटा खुद कमाये, वह इतना पैसे घुमने-फिरने के लिए नहीं दे सकता है. बेरोजगार है तो इतना मस्ती का पैसा क्यों ले रहा है. इस पर बेटा आपे से बाहर हो गया.
बाप-बेटे के बीच झगड़ा होने लगा. आरोपी बेटे ने पिता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. पिता को दौड़ाकर उसने डंडे से पीटा. सिर पर डंडे से वारकर लहुलुहान कर दिया. इसके बाद उसको तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. इस मामले में आरोपी बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और सरायकेला-खरसावां की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है.







