
धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी शालिनी खलखो की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय सभागार में समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई. इस बैठक में बीडीओ ने पीएचईडी विभाग के प्रतिनिधि को भीषण गर्मी पड़ने से पहले जल की समस्याओं का निराकरण करते हुए सभी जलश्रोतों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. बिजली विभाग के सहायक अभियंता को आंगनबाड़ी केन्द्र और विद्यालयों में बिजली कनेक्शन है या नहीं इसकी जांच करते हुए बिजली कनेक्शन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. शिक्षा विभाग के पदाधिकारी को बच्चों के लिए स्कूल खुलने तक महामारी के समय जो सुविधा ऑनलाइन पढ़ाई के रूप में दी जा रही थी उसे सुचारू रूप से चालू रखने का निर्देश दिया गया है. वहीं महिला पर्यवेक्षक और बाल विकास परियोजना के कर्मियों को निर्देश दिया गया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए आए हुए चावल और अन्य पोषक सामग्रियों का वितरण लाभुकों के बीच यथाशीघ्र किया जाए. बैठक में बीईओ धालभूमगढ़ तथा सभी विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.



