चाकुलिया : चाकुलिया के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिला स्तरीय विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, नगर पंचायत अध्यक्ष संध्या रानी, शिक्षा विभाग एसडीओ आशीष कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया. कार्यक्रम में धनंजय करुणामय ने कहा की विज्ञान प्रदर्शनी और सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ साथ प्रतिस्पर्धा की भावना आएगी. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही कहा कि समय समय पर इस तरह के आयोजन होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के प्रतिभा का विकास होगा. समारोह से पूर्व सभी अतिथियों को पौधा देकर सम्मानित किया गया. उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने जिला के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे छात्रों द्वारा निर्मित विज्ञान और सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का हौंसला बढ़ाया. निर्णायक मंडली द्वारा चुने गए विज्ञान और सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी के विजयी छात्रों को पुरस्कृत किया गया. इस अवसर पर एपीओ प्रमोद अग्रवाल, बिंदू झा, बीईओ नंद किशोर तिवारी, विक्टर विजय सामड, प्रणव बेरा समेत स्कूल के शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थे.




