
बहरागोड़ा : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा दिनेशानंद गोस्वामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बहरागोड़ा प्रखंड के रूलिया गांव निवासी स्व गुलापी मुंडा के परिजनों से मिले. विगत दिनों घाघरा के जंगल में घाघरा और रूलिया गांव की दो नाबालिग बेटियों का शव पेड़ की डाली पर फंदे पर झुलते हुए मिला था. उनमें से 12 वर्षीया गुलापी मुंडा के परिजनों ने हत्या की आशंका बतलाया है. परिजनों ने बताया कि दोनों बेटियां विगत सोमवार को घास काटने जंगल गई हुई थी और वापस घर नही लौटी. बुधवार को जंगल में पेड़ से दोनों लड़कियों की शव फंदा से झुलती हुई बरामद हुई है.
डॉ गोस्वामी ने मृतक छात्रा के परिजनों को संवेदना देते हुए कहा कि वे और भाजपा परिवार इस कठिनाई की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ है. डॉ गोस्वामी ने मृतक छात्रा के पिता रविंद्र मुंडा को आश्वस्त करते हुए कहा कि दोनों बेटियों की संदेहास्पद मृत्यु के कारणों की जांच हेतु वरीय आरक्षी अधीक्षक से वातें करेंगे. उन्होंने कहा कि मृतक छात्राओं के परिजनों को यह जानने का अधिकार है कि इनकी हत्या किसने की.मृतक छात्रा के पिता रवीन्द्र मुंडा ने डॉ गोस्वामी को बताया कि उनलोगों की किसी से दुश्मनी नहीं थी. गुलापी मुंडा के पिता ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती है.
डॉ गोस्वामी ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया मृतक छात्राओं के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के वाद जांच की प्रक्रिया तेज हो जाएगी.
डॉ गोस्वामी ने स्व गुलापी मुंडा के पिता को आर्थिक सहायता देने का भी आश्वासन दिया है. मौके पर जिला अध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती, जिला महामंत्री बाप्टु साव, मुंडारी समाज सुसार समिति के अध्यक्ष बलराम सिंह मुंडा, किसान मोर्चा के जिला संयोजक श्रीवत्स घोष, विप्लव दे, लक्ष्मीकांत गिरी, सौम्य जाना, सुजीत गिरी, यादव पात्र समेत अन्य उपस्थित थे.







