जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के लावजोड़ा गांव में शनिवार को देर रात बरात में पटाखा फोड़ने को लेकर बारातियों व ग्रामीणों में विवाद हो गया. विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें एक नाबालिग सहित 5 बाराती जख्मी हो गए. बारात घाटशिला क्षेत्र से लावजोड़ा आई थी. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार घाटशिला क्षेत्र के पहाड़पुर गांव से बोड़ाम के लावजोड़ा गांव में बरात आई थी. बराती पटाखे फोड़ते हुए गांव से गुजर रहे थे, इसी बीच किसी ग्रामीण के घर के ऊपर पटाखा जा गिरा, जिसके बाद घर वालों ने बाहर निकल कर पटाखे फोड़ने से मना किया तो बाराती उनसे बहस करने लगे. बात बढ़ कर मारपीट तक पहुंच गई. इसी क्रम में रात दो बजे के करीब बरात में पहुंचे दर्जनों ग्रामीण दुल्हन के घर से पांच बरातियों को पकड़ कर अपने साथ ले गए और मारपीट कर एक कमरे के अंदर बांधकर रख दिया. वहीं दूसरी ओर बरातियों में शामिल एक चौकीदार ने बोड़ाम थाना प्रभारी को रात 3 बजे के करीब फोन पर इसकी सूचना दी. रात साढ़े तीन बजे के करीब लावजोड़ा पहुंचे बोड़ाम थाना के एएसआइ मो मजीद ने बंधक बने बरातियों को मुक्त कराकर इलाज के लिए माचा सीएचसी भेजवाया. (नीचे भी पढ़ें)
समाचार लिखे जाने तक थाना में किसी तरह की कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है. घायलों में धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के केंदबनी निवासी गौतम धान (25 वर्ष) एवं पहाड़पुर निवासी सोनू भुइयां (25 वर्ष), अनिल भुइयां (40 वर्ष), हारू कर्मकार (27 वर्ष) एवं कालीमाटी, डुमरिया निवासी 16 वर्षीय एक नाबालिग शामिल हैं जो दूल्हे का रिश्तेदार बताया जाता है. उसके सिर में चोट आई है.



