चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के टांगाशोल गांव में सिद्दू कान्हू जुमिद गांवता क्लब के तत्वावधान में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में 24 टीमों ने भाग लिया. प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झामुमो नेता महावीर मुर्मू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबॉल को किक मार कर किया. (नीचे भी पढ़ें)
फाइनल मैच कदमडीहा एकादश और आरसीएस काटाशोला पश्चिम बंगाल के बीच खेला गया. पेनाल्टी शूटआउट में कदमडीहा फुटबॉल टीम ने जीत कर प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया. मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महावीर मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय है. कमेटी ने प्रतियोगिता का आयोजन कर ग्रामीण प्रतिभा को एक बेहतर मंच देने का सराहनीय कार्य किया है. श्री मुर्मू ने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना से खेलकर अपनी प्रतिभा को निखारें. उन्होंने खिलाड़ियों से नशा से दूर रहकर अपनी प्रतिभा को निखारने की बात कही. उन्होंने विजेता टीम को 50,000 रुपए और उप विजेता टीम को 40,000 रुपए देकर पुरस्कृत किया. वहीं तीसरे एवं चौथे स्थान पर रही टीमों को 20-20 हज़ार रुपए देकर पुरस्कृत किया गया. मौके पर पूर्व जिला परिषद् सदस्य सुनाराम हांसदा, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, मुखिया दशरथ मूर्मू, बलराम महतो, मंगल हांसदा, रामचंद्र हांसदा, विकास मिश्रा, ग्राम प्रधान ईश्वर टुडू, मिठू हांसदा, कमेटी के अध्यक्ष विक्रम मांडी, सचिव पंचानन सोरेन, बाबूलाल सोरेन, मनोज सोरेन समेत अन्य उपस्थित रहे.








