गालूडीह : जमशेदपुर के एमजीएम थानांतर्गत एनएच 33 पर गोलकाटा बस स्टैंड के पास मंगलवार को किसी अज्ञात वाहन से धक्का लग जाने के कारण एक गाय की मौके पर ही मौत हो गयी. शाम तक गाय के मालिक या किसी और के आगे नहीं आने के कारण मृत गाय का शव वहीं पड़ा रहा. नेशनल हाइवे पर हादसे का शिकार होकर किसी गाय की मौत का यह पहला मामला नहीं है. हाइवे पर आये दिन विभिन्न स्थानों पर वाहनों की चपेट में आकर पशुओं की मौत हो रही है. खास कर बरसात के दिनों में सूखे स्थान पर बैठने के लालच में सड़क पर आकर बैठनेवाली गायें या अन्य पशु अक्सर ऐसे हादसों का शिकार होते रहते हैं. हालांकि पालतू पशुओं की इस तरह आये दिन हो रही मौत की जिम्मेदारी न पशु मालिक लेते हैं और न ही प्रशासन इस ओर अपनी जिम्मेवारी समझता है. यही कारण है कि आये दिन गायें ऐसे हादसों का शिकार होकर मौत के आगोश में समाती जा रही हैं.





