चाकुलिया: चाकुलिया नया बाजार स्थित आनंद मार्ग विद्यालय के छात्रावास से भागे दो नाबालिक छात्र सोमवार की सुबह चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर मिले. दोनों छात्र सगे भाई हैं. संदीप महतो कक्षा 7 और उसका छोटा भाई कुलदीप महतो कक्षा 4 में पढ़ते हैं. दोनों चांडील के संपतडीह गांव निवासी हैं. दोनों भाई चाकुलिया के आनंद मार्ग विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे और छात्रावास में रहते थे. सोमवार की सुबह 3 बजे दोनों अपना बैग लेकर चुपचाप छात्रावास से निकल गए और चाकुलिया स्टेशन पहुंचकर चांडिल तक की ट्रेन टिकट लेकर प्लेटफार्म पर बैठे थे. दोनों छात्रों को प्लेटफार्म पर बैठा देख मॉर्निंग वॉक कर रहे झामुमो नेता कौशिक मोहंती और सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी सुनील महतो ने दोनों बच्चों को प्लेटफार्म पर देख संदेश जताते हुए पूछताछ के बाद उन्हें सुरक्षित रोका. बातचीत में छात्रों ने बताया कि स्कूल के शिक्षकों द्वारा कि जा रही प्रताड़ना से तंग आकर भागे हैं दोनों बच्चे डरे और काफी सहमे हुए थे. (नीचे भी पढ़ें)

खोजते हुए स्टेशन पहुंचे अन्य छात्र और शिक्षक:
इसी दौरान हॉस्टल के अन्य छात्र संदीप और कुलदीप खोजते हुए स्टेशन पहुंचे और उन्होंने स्कूल प्रशासन को सूचना दी. थोड़ी देर में प्रधानाध्यापक सुनील महतो स्टेशन पहुंचे. शिक्षक और ग्रामीणों ने स्कूल के नाइट गार्ड से जब पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि वह रात में सो गया था कब बच्चे छात्रावास से भाग निकले उसे कुछ पता नहीं चला. इस मामले पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण ऐसी घटना घटी है. ग्रामीण और अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रताड़ना की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक दोनों छात्र कौशिक मोहंती के संरक्षण में सुरक्षित हैं और उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गयी है. परिजन के पहुंचने के बाद बच्चों को विधिवत सौंप दिया जाएगा.




