बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. गांव स्थित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक लखविंदर बेसरा के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मिली जानकारी के अनुसार सियालबिंदा उच्च विद्यालय परिसर में कुछ लोगों ने बिना किसी ठोस कारण के प्रधानाध्यापक को नीम के पेड़ से बांध दिया. आरोप है कि इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गयी तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उनका सार्वजनिक रूप से अपमान किया गया. विद्यालय परिसर में हुई इस अमानवीय घटना से शिक्षा जगत सहित पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गयी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए बहरागोड़ा पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की. जांच के क्रम में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मानिक बैरा (36 वर्ष), संजय बेरा (32 वर्ष), नंदलाल बेरा (23 वर्ष), विनोद बेरा (30 वर्ष) तथा नारायण बेरा (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया. सभी आरोपी सियालबिंदा गांव के ही निवासी बताए गए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.



