जादूगोड़ा : पोटका में विकास के नाम पर सरकारी राशि की लूट को लेकर क्षेत्र की जिला पार्षद सोनमुनी सरदार ने आवाज उठानी तेज कर दी है. ताजा मामला पोटका प्रखंड क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय का है. पार्षद सोनमुनी सरदार ने उपायुक्त को पत्र लिख कर कहा है कि पांच करोड़ की लागत से बन रहे इस भवन के निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है. उन्होंने भवन निर्माण में तय मानक नियमों की अनदेखी किये जाने का आरोप लगाया है. पत्र में उन्होंने इसके लिए दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई किये जाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा नेता लव सरदार ने इस संबंध में कहा कि पोटका में योजनाओं में भ्रष्टाचार नई बात नहीं है. जांच हुई तो सरकारी योजनाओ में विकास के नाम पर सरकारी राशि की लूट का मामला प्रकाश में आएगा. बहरहाल देखना यह है कि जिला पार्षद सोनमुनी सरदार के आरोपों को उपायुक्त कितनी गंभीरता से लेते हैं व कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय भवन के निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर कब तक विराम लगा पाते हैं.




