बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के कालियाडिंगा चौक के पास जर्जर एनएच सर्विस रोड मरम्मत कार्य कर रही एजेंसी एवं एनएच के विभागीय पदाधिकारियों से नाराज विधायक समीर मोहंती ने मंगलवार को खुद कार्यस्थल का जायजा लिया. इस संबंध में लगातार ग्रामीणों द्वारा शिकायत मिल रही थी कि कार्य एजेंसी द्वारा सर्विस रोड निर्माण काफी धीमी गति से किया जा रहा है, इसमें अनियमितता बरती जा रही है. साथ ही दोनों तरफ की सड़कों को गड्ढे नुमा खोद कर रख दिया गया है. बारिश होने पर सड़क तालाब के रूप में तब्दील हो जाता है. (नीचे भी पढे)

सड़क पर गड्ढे में पानी भर जाने से बड़ी एवं छोटे वाहनों के साथ स्थानीय ग्रामीणों को सड़क पर आवागमन करने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है. विशेष कर स्कूली बच्चे विद्यालय भी नहीं जा पा रहे हैं. विधायक समीर मोहंती ने एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एकता कुमारी एवं उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से दूरभाष पर बात कर अविलंब गड्ढों को भरने और आवागमन सुचारू करने को लेकर ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया है. साथ ही कार्य कर रही जय माता दी कंपनी पर भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इस मौके पर 20 सूत्री के अध्यक्ष असित मिश्रा, झामुमो वरिष्ठ नेता प्रोफेसर श्याम मुर्मू, निर्मल दुबे, गुरुचरण मांडी ,सतीश मुंडा ,जीत वाहन राउत, पप्पू राउत, जगदीश राय, विश्वजीत ओझा ,यदुपति राणा, बलराम पातर समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.



